खेलने निकली बच्ची रहस्यमय तरीके से लापता, परिजनों ने थाने में लगाई गुहार
- Post By Admin on Sep 07 2026
लखीसराय : जिले के नगर क्षेत्र से एक 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के नया टोला, पुरानी बाजार (वार्ड संख्या-10) निवासी जितेन्द्र यादव की भतीजी नंदनी कुमारी 5 सितंबर की शाम घर से खेलने निकली थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पीड़ित परिवार ने सदर थाने में लिखित आवेदन देकर बच्ची की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
सदर थानाध्यक्ष को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, नया टोला पुरानी बाजार निवासी विकास यादव की 10 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी 5 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे परिजनों से बाहर खेलने की बात कहकर निकली थी। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने अपने स्तर से आसपास और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चल सका।
परिजनों को स्थानीय अज्ञात लोगों से जानकारी मिली कि रात करीब 8:00 बजे बच्ची को संतर मोहल्ला स्थित काली मंदिर के समीप देखा गया था। उस वक्त वह रेलवे स्टेशन की दिशा में पैदल जा रही थी। लापता होते समय नंदनी काले रंग की टी-शर्ट और ट्राउजर पहने हुए थी। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। बच्ची के चाचा जितेन्द्र यादव ने पुलिस प्रशासन से अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए बच्ची की सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस इलाके में छानबीन कर बच्ची की तलाश में जुट गई है।