लखीसराय में चोरों का तांडव: स्कूल के बाहर से बाइक गायब, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
- Post By Admin on Sep 06 2026
लखीसराय : जिले में वाहन चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी दिनदहाड़े गाड़ियां गायब हो रही हैं। ताजा घटना शहर के विद्यापीठ चौक के पास स्थित आवासीय सरस्वती ज्ञान मंदिर के बाहर की है, जहां से अज्ञात चोरों ने एक अभिभावक की बाइक पार कर दी।
सलौनाचक कोरिया (वार्ड नंबर 9) निवासी पप्पू कुमार अपने बच्चे की छुट्टी होने पर उसे लेने स्कूल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी काले और पीले रंग की होंडा एसपी 125 (पंजीयन संख्या: BR 53 H 7359) को स्कूल के बाहर खड़ा किया था। कुछ ही मिनटों बाद जब वे बच्चे के साथ बाहर निकले, तो बाइक गायब देखकर उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद पीड़ित तुरंत शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने पहुंचे। पीड़ित पप्पू कुमार का गंभीर आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आवेदन लेकर उसे मोड़ते हुए महज टेबल पर रख दिया और त्वरित छानबीन की कोई जहमत नहीं उठाई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस तत्काल नाकेबंदी कर सक्रियता दिखाती, तो चोर को रंगेहाथ पकड़ा जा सकता था। शहर के प्रमुख चौराहों पर उन्नत सीसीटीवी कैमरों की कमी को लेकर भी स्थानीय लोगों में रोष है। हाल के दिनों में बाइक चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से आम नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी है।