15 साल पुराने भूमि विवाद में गोलीबारी, दो की मौत, एक घायल

  • Post By Admin on Dec 16 2024
15 साल पुराने भूमि विवाद में गोलीबारी, दो की मौत, एक घायल

समस्तीपुर : जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के करीमनगर पंचायत के हेमानपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में गोलीबारी हुई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलीबारी के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। जिस कारण पुलिस द्वारा मौके पर कैंप किया जा रहा है।

मृतकों में एक पक्ष के 42 वर्षीय नवीन सिंह और दूसरे पक्ष के 24 वर्षीय गौरव कुमार सिंह उर्फ गोलू शामिल हैं। दोनों को सीने और सिर में दो-दो गोली लगी। गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय सौरभ कुमार को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) भेजा गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गौरव और सौरभ सगे भाई हैं। जबकि नवीन सिंह रिश्ते में दोनों के दादा लगते थे।

घटना की जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने रात में ही दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले डेढ़ दशक से भूमि विवाद चल रहा है। जिसके चलते तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

बीते शनिवार को दिन में इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी।बता दें कि दोनों पक्ष के घर एक-दूसरे से केवल सौ मीटर की दूरी पर हैं। हालांकि, गौरव के भगीना की छठी होने के कारण उस दिन किसी ने कुछ नहीं किया। लेकिन रात 11.30 बजे छठी का भोज खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने लाठी और लकड़ी से एक-दूसरे पर हमला किया। जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा गोलियां चलीं। जिससे पूरा गांव गोलियों की आवाज से गूंज उठी।

यह घटना एक पुरानी भूमि विवाद की कड़ी के रूप में सामने आई है, क्योंकि 15 साल पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद के चलते गोलीबारी हुई थी। जिसमें चाकू से हमले की भी घटना हुई थी और विनय सिंह और दिलीप सिंह की मौत हो गई थी। इस बार जमीन के सर्वे की प्रक्रिया शुरू होने के बाद विवाद फिर से उभरा और उसका नतीजा बीती रात की गोलीबारी के रूप में सामने आया। घटना के बाद पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है।