जमीन विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या
- Post By Admin on Aug 27 2024
लखीसराय : जिले के माणिकपुर थाना क्षेत्र के माणिकपुर गांव में जमीन विवाद के चलते एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गांव के तिरमुहानी पुल के पास की है।
घटना की जानकारी मिलते ही माणिकपुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से छह खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मृतक के परिजनों ने बताया कि अनिक महतो, जो कि एक किसान थे, कल देर शाम अपने घर से निकले थे। रात भर घर नहीं लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। सुबह में पता चला कि तिरमुहानी पुल के पास खेत में उनका शव पड़ा हुआ है।
घटना के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया जा रहा है। एसपी पंकज कुमार ने बताया कि मृतक का एक माह पूर्व गांव के ही पप्पू महतो और रोहित महतो से जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, इस विवाद की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।