रिश्तों का खून : किन्नर प्रेमी संग मिल पत्नी ने कराई पति की हत्या, पांच गिरफ्तार
- Post By Admin on Jan 07 2026
लखीसराय : किऊल थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में हुए विनोद साह हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी गुंजा किन्नर ही इस जघन्य हत्या की मास्टरमाइंड थी। पुलिस ने गुंजा किन्नर, उसके प्रेमी समेत चार भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को किऊल थाना कांड संख्या 105/25 दर्ज कराया गया था, जिसमें गुंजा किन्नर ने अपने गोतियों—अमर पासवान, शक्ति पासवान और रंजन पासवान—पर पति की हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, अनुसंधान के दौरान वादिनी के बयानों में विरोधाभास पाए गए। तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर जब पुलिस ने जांच की दिशा बदली, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
जांच में खुलासा हुआ कि गुंजा किन्नर ने अपने प्रेमी संतोष कुमार के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने राज नारायण उर्फ राजन, अजीत कुमार और मोहम्मद आफताब को सुपारी दी। आरोप है कि योजनाबद्ध तरीके से विनोद साह की गला रेतकर हत्या की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में गुंजा किन्नर, उसका प्रेमी संतोष कुमार (ग्राम-अरमा, कजरा), राज नारायण उर्फ राजन (रामनगर, सूर्यगढ़ा), अजीत कुमार (रामनगर, सूर्यगढ़ा) और मोहम्मद आफताब (मौला नगर, मानिकपुर) शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो ब्लेड भी बरामद किए हैं।
इस सफल उद्भेदन में किऊल थानाध्यक्ष विजेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मनोहर कुमार तथा डीआईयू टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।