शराबबंदी पर प्रशासन सख्त, उत्पाद विभाग की छापेमारी में 17 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jan 05 2026
शराबबंदी पर प्रशासन सख्त, उत्पाद विभाग की छापेमारी में 17 गिरफ्तार

लखीसराय : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने सोमवार को जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीने और अवैध बिक्री के आरोप में कुल 17 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चरोखरा क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान रंजन केवट नामक धंधेबाज को 3.250 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। वहीं, प्रभात चौक, इंग्लिश, विच्छवे गुमटी और बड़हिया सहित जिले के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान 16 लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया।

बताया गया है कि पकड़े गए आरोपियों में कई लोग झारखंड के देवघर, साथ ही दरभंगा, पूर्वी चंपारण और बेगूसराय जैसे जिलों के निवासी हैं, जो लखीसराय की सीमा में शराब का सेवन करते पाए गए। प्रभात चौक से गिरफ्तार दो आरोपियों में कुछ पुराने शराब मामलों के आरोपी भी शामिल हैं, जो दूसरी बार पकड़े गए हैं। इंग्लिश और विच्छवे गुमटी क्षेत्र से कुल 9 लोगों को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़हिया क्षेत्र से पकड़े गए 5 लोगों में अधिकांश झारखंड के देवघर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

उत्पाद विभाग की टीम ने बताया कि सभी आरोपियों की चिकित्सकीय जांच के बाद शराब सेवन की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करों और शराब पीने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में पूर्ण नशामुक्ति सुनिश्चित की जा सके।