सीतामढ़ी में हत्या के बाद नहीं हुई कार्यवाही, महिला ने मानवाधिकार आयोग से लगाई गुहार

  • Post By Admin on Apr 14 2026
सीतामढ़ी में हत्या के बाद नहीं हुई कार्यवाही, महिला ने मानवाधिकार आयोग से लगाई गुहार

मुजफ्फरपुर/सीतामढ़ी : सीतामढ़ी जिले के भिट्ठा थाना क्षेत्र में हुए एक हत्या मामले में पुलिस की कथित निष्क्रियता से परेशान एक महिला ने अब मानवाधिकार आयोग की शरण ली है। पीड़िता ने राज्य एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के समक्ष आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

मामला चोरौत थाना क्षेत्र के दामोदरपट्टी सिमरी वार्ड संख्या-11 की निवासी अनीता देवी से जुड़ा है। उनके पति श्याम महतो का शव 14 मार्च 2026 को भिट्ठा थाना के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था। इस मामले में 30 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई और तीन लोगों को नामजद किया गया, लेकिन आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पीड़िता का आरोप है कि भिट्ठा थाना के थानाध्यक्ष ने अभियुक्तों से मिलीभगत कर न केवल कार्रवाई में ढिलाई बरती, बल्कि मृतक का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया। पुलिस के इस रवैये से आहत होकर महिला मुजफ्फरपुर पहुंची और मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से राज्य और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग-अलग आवेदन दाखिल किया।

अधिवक्ता एस.के. झा ने बताया कि मामला काफी गंभीर और पेचीदा है, जिसकी निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच किसी अवकाश प्राप्त न्यायाधीश से कराने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में भी आक्रोश का माहौल है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।