90 घंटे काम करने की सलाह देने वाले L&T को लगा बड़ा झटका

  • Post By Admin on Jan 23 2025
90 घंटे काम करने की सलाह देने वाले L&T को लगा बड़ा झटका

नई दिल्ली : डिफेंस मिनिस्ट्री ने इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को बड़ा झटका दिया है। भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 75 इंडिया के तहत छह पनडुब्बियां खरीदने के लिए रक्षा मंत्रालय ने 70,000 करोड़ रुपये का टेंडर निकाला था। जिसमें L&T ने भी बोली लगाई थी। हालांकि, मंत्रालय ने L&T की बोली को खारिज कर दिया, क्योंकि कंपनी ने शर्तों का पालन नहीं किया था।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, L&T और उसके साझेदार स्पेनिश कंपनी Navantia ने अपनी पनडुब्बियों के लिए एक प्रस्ताव दिया था, लेकिन यह नौसेना की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं था। विशेष रूप से भारतीय नौसेना के लिए पनडुब्बियां ऐसी होनी चाहिए, जिनमें तीन सप्ताह तक पानी के नीचे रहने की क्षमता हो। लेकिन L&T और Navantia द्वारा प्रस्तुत एयर इंडिपेंडेंट प्रपल्शन (AIP) प्रणाली को नौसेना ने अस्वीकार कर दिया क्योंकि यह प्रस्ताव निविदा दस्तावेज में उल्लिखित तकनीकी मानकों को पूरा नहीं करता था।

इस परियोजना के तहत भारत की नौसेना को अत्याधुनिक पनडुब्बियों की आवश्यकता है, जो न केवल रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि चीन जैसे देशों के समुद्री विस्तार को देखते हुए रक्षा के लिहाज से भी अहम हैं। अब इस टेंडर की दौड़ में केवल सरकारी कंपनी मझगांव डॉकयार्ड ही बची है, जिसने जर्मन कंपनी ThyssenKrupp Marine Systems के साथ मिलकर बोली लगाई है।

इस बीच, एलएंडटी के चेयरमैन और एमडी एसएन सुब्रह्मण्यम हाल ही में एक विवादास्पद बयान के कारण सुर्खियों में थे। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कर्मचारियों से हफ्ते में 90 घंटे काम करने की नसीहत दे रहे थे। इस वीडियो में उन्होंने कर्मचारियों से कहा था कि वे घर पर बैठकर अपनी पत्नी को अधिक समय नहीं देख सकते, बल्कि ऑफिस में काम करने के लिए समय निकालें। इस बयान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था।