मकर संक्रांति 2026 : सूर्य गोचर से इन राशियों की बढ़ेगी मुश्किलें, बरतनी होगी सावधानी
- Post By Admin on Jan 08 2026
नई दिल्ली : मकर संक्रांति 2026 के अवसर पर सूर्य देव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। द्रिक पंचांग के अनुसार यह गोचर 14 जनवरी 2026 को होगा। ज्योतिष शास्त्र में सूर्य के राशि परिवर्तन को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसका प्रभाव सभी 12 राशियों के जीवन पर पड़ता है। जहां कुछ राशियों के लिए यह परिवर्तन शुभ संकेत लेकर आएगा, वहीं कुछ राशियों के लिए आने वाला एक महीना चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
ज्योतिषीय गणनाओं के मुताबिक, सूर्य का मकर राशि में प्रवेश कुछ जातकों के जीवन में तनाव, आर्थिक दबाव और रिश्तों में खटास बढ़ा सकता है। ऐसे में संबंधित राशियों को अगले एक महीने तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। छोटी-छोटी परेशानियां बढ़ सकती हैं, जिसके कारण खर्च भी ज्यादा हो सकता है। कामकाज में मन कम लग सकता है। थकान महसूस हो सकती है। इस समय आराम और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना जरूरी होगा।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए यह समय मानसिक तनाव बढ़ाने वाला हो सकता है। कार्यस्थल पर सहकर्मियों या किसी करीबी व्यक्ति से विवाद की स्थिति बन सकती है। व्यापार में अपेक्षित लाभ न मिलने या नुकसान की आशंका है। निर्णय लेते समय जल्दबाजी से बचें और धैर्य बनाए रखें।
धनु राशि
धनु राशि के जातकों को मकर संक्रांति के बाद पारिवारिक और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है। घर-परिवार में मतभेद उभर सकते हैं। आर्थिक मामलों में भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि अनावश्यक खर्च या नुकसान की संभावना बन रही है। इस दौरान बड़े फैसलों को टालना बेहतर रहेगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह अवधि खर्च और रिश्तों के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकती है। साझेदारी के कामों में सावधानी जरूरी होगी। दांपत्य जीवन में तनाव और व्यापार में धीमी प्रगति निराशा का कारण बन सकती है। सोच-समझकर कदम उठाना लाभकारी रहेगा।
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि इन राशियों के जातक यदि संयम, धैर्य और समझदारी से काम लें, तो मकर संक्रांति के बाद के एक महीने की चुनौतियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।