उत्तरी नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मची तबाही, कई वाहन और पुल पानी में बहे
- Post By Admin on Aug 26 2026
काठमांडू : उत्तरी नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। बाढ़ का पानी सीमा क्षेत्र में बसे तिमुरे और स्याफ्रुबेसी इलाकों में घुस गया, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। हालात को देखते हुए आसपास के कई जिलों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को हाई अलर्ट पर रहने की चेतावनी दी गई है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक पानी बढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि बाढ़ का पानी तिब्बत की तरफ से आया। पानी का बहाव इतना तेज था कि रास्ते में खड़े कई वाहन, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं। नेपाल सेना के अनुसार रसुवा जिले के तिमुरे और इसके आसपास के स्याफ्रुबेसी क्षेत्र में बाढ़ से काफी क्षति हुई है। सीमा शुल्क परिसर भी बाढ़ की चपेट में आया, जहां खड़े कई वाहन और रखा हुआ सामान पानी के तेज बहाव में बह गया।
असामान्य जलस्तर से बढ़ी तबाही
रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी के मुताबिक नदी में पानी का स्तर सामान्य से काफी अधिक था। अचानक आई बाढ़ ने दोनों बस्तियों में भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं, रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना ने बताया कि बाढ़ में सीमा शुल्क परिसर को भी नुकसान हुआ है। बाढ़ के तेज बहाव की चपेट में हाल में बनाया गया एक पुल भी आ गया और वह बह गया। इससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
पांच जिलों के लिए सतर्कता
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थिति को देखते हुए रसुवा के अलावा नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा जिलों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। लोगों से अगले आदेश तक सतर्क रहने और संभावित खतरे को देखते हुए जरूरी सुरक्षा उपाय करने की अपील की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अचानक बढ़े जलस्तर के कारण सीमा से सटे इलाकों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है।