मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क में हलचल, HAF ने हिंदू समुदाय को किया अलर्ट

  • Post By Admin on Aug 27 2026
मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क में हलचल, HAF ने हिंदू समुदाय को किया अलर्ट

न्यूयॉर्क : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में प्रस्तावित ‘Universal Oneness Celebration’ कार्यक्रम से पहले सुरक्षा को लेकर हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने समुदाय के लिए एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने लोगों से कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहने, आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी तरह की बहस या तनावपूर्ण स्थिति से बचने की अपील की है।

यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में 29 अगस्त को आयोजित होना है। HAF ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से अपील की है कि शहर में रहने वाले सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के नागरिक अधिकारों की भी रक्षा की जाए।

कार्यक्रम के विरोध को लेकर HAF ने जताई चिंता

HAF ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि कार्यक्रम से पहले कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है। संगठन का दावा है कि कुछ समूह कार्यक्रम को बाधित करने या इसे रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को देखते हुए HAF ने समुदाय के लोगों को सावधानी बरतने और आसपास की परिस्थितियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी है। संगठन ने लोगों से बातचीत के दौरान संयम बनाए रखने और किसी भी उकसावे में नहीं आने की अपील की है। साथ ही मेयर ममदानी से कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया है।

मैरी मिलबेन ने भी कार्यक्रम के विरोध पर उठाए सवाल

इससे पहले 26 अगस्त को अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने भी कार्यक्रम के विरोध को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने मेयर जोहरान ममदानी सहित कार्यक्रम का विरोध कर रहे लोगों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विरोध राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है।

मिलबेन का कहना है कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रति अपनी राजनीतिक नाराजगी के कारण मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इस विरोध को राजनीति से प्रेरित बताते हुए अपनी आपत्ति जाहिर की।

29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजन

मोहन भागवत का ‘Universal Oneness Celebration’ कार्यक्रम 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले सुरक्षा और विरोध को लेकर चर्चा तेज हो गई है। HAF ने समुदाय से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के साथ सुरक्षा संबंधी किसी भी निर्देश का पालन करने की अपील की है।