आग ने छीन ली मासूम जिंदगियां, PIMS अस्पताल में 15 नवजातों की मौत

  • Post By Admin on Aug 26 2026
आग ने छीन ली मासूम जिंदगियां, PIMS अस्पताल में 15 नवजातों की मौत

इस्लामाबाद : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ वार्ड में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 15 नवजात बच्चों की मौत की पुष्टि अस्पताल और प्रशासन ने की है।

आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्त्री एवं प्रसूति वार्ड की नवजात यूनिट में सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एयर कंडीशनिंग यूनिट के कंप्रेसर में विस्फोट या तकनीकी खराबी के बाद आग भड़की। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार आग लगने के समय नवजात यूनिट में 16 बच्चे मौजूद थे। इनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाकी नवजातों को बचाया नहीं जा सका। आग की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन के मुताबिक दमकल की छह गाड़ियों और चार एंबुलेंस को बचाव अभियान में लगाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के बाद वार्ड में कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके। 

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन अपने बच्चों की जानकारी के लिए अस्पताल पहुंचे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। हादसे की वजह, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया की जांच के लिए अधिकारियों की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह हादसा पाकिस्तान के सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जांच जारी है।