उग्र हुआ श्रमिक आंदोलन, नोएडा में तोड़फोड़ और आगजनी से हालात तनावपूर्ण

  • Post By Admin on Apr 13 2026
उग्र हुआ श्रमिक आंदोलन, नोएडा में तोड़फोड़ और आगजनी से हालात तनावपूर्ण

नोएडा : वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहा श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को नोएडा में हिंसक हो गया। ग्रेटर नोएडा के फेस-2 स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों समेत करीब पांच वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं कई स्थानों पर पथराव भी हुआ। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है, जबकि दिल्ली पुलिस को भी एहतियातन अलर्ट पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि यह आंदोलन पिछले कुछ दिनों से जारी था, जिसकी शुरुआत गुरुग्राम से हुई और धीरे-धीरे नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों तक फैल गया। फेस-2, सेक्टर-60 और ईकोटेक-थर्ड क्षेत्र की सैकड़ों कंपनियों के हजारों श्रमिक इसमें शामिल हो गए, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।

श्रमिकों की मुख्य मांगों में न्यूनतम वेतन 26,000 रुपए प्रतिमाह, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, तय कार्य समय, साप्ताहिक अवकाश और समय पर वेतन भुगतान शामिल हैं। मजदूरों का आरोप है कि उनसे 10–12 घंटे काम लिया जाता है, लेकिन उन्हें उचित भुगतान और सुविधाएं नहीं मिलतीं।

स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने कई जगहों पर रूट डायवर्जन लागू किया, जिससे आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए बताया कि श्रमिकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। साथ ही 24 घंटे का कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों को सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है, लेकिन श्रमिक अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जिससे आने वाले समय में आंदोलन और तेज होने की आशंका जताई जा रही है।