होली की खुशियां मातम में बदली, 4 युवतियों की एक साथ निकली शवयात्रा

  • Post By Admin on Mar 14 2025
होली की खुशियां मातम में बदली, 4 युवतियों की एक साथ निकली शवयात्रा

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। होली के उमंग और उत्साह के बीच शुक्रवार को रंग छुड़ाने के लिए तालाब में नहाने गईं चार युवतियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

त्योहार की खुशियां मातम में बदली

घटना बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र अंतर्गत परजुआरि गांव के दहिला टोला की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की चार युवतियां श्रीकांत राय की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी, 25 वर्षीय चंदा, सीयाशरण राय की पुत्री अन्नू कुमारी और कप्पू राय की पुत्री लाखन कुमारी होली खेलने के बाद तालाब में रंग छुड़ाने के लिए गई थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

एक के बचाव में गई तीन और जानें

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक युवती गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए अन्य तीन युवतियां भी पानी में उतरीं, लेकिन दुर्भाग्यवश वे भी गहराई में समा गईं। जब आसपास के लोगों को इस घटना का पता चला, तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवतियों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। होली के दिन खुशियों की जगह गम और आंसुओं ने ले ली, जिससे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।