सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट की सेवा मुहिम, जरुरतमंदों तक पहुंची गर्माहट
- Post By Admin on Dec 12 2025
मुजफ्फरपुर: जिले के अखाड़ाघाट रोड स्थित सनातन सेवा वृद्धाश्रम में शुक्रवार को सोशल वर्कर फॉर वूमेन एम्पावरमेंट संस्था द्वारा ठंड से बचाव के लिए सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए संस्था की टीम ने वृद्धाश्रम और आसपास की स्लम बस्तियों में रहने वाले करीब 50 जरूरतमंद लोगों के बीच शाल का वितरण किया। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों को दोपहर का भोजन भी कराया गया।
संस्था की संयोजक बबली कुमारी ने बताया कि समाज के कमजोर और असहाय वर्ग तक राहत पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में ऐसे लोगों को गर्म कपड़ों और भोजन की आवश्यकता अधिक होती है, इसलिए टीम ने आगे आकर सेवा कार्य को अंजाम दिया।
कार्यक्रम में पटना से आए चैपमैन स्कूल के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल राकेश रंजन, संस्था की सदस्य पूनम गुप्ता, मीरा जायसवाल, फाउंडर सेक्रेटरी विमला गुप्ता, उर्मिला जी, जितेंद्र कुमार और अनिल कुमार अनल भी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने वृद्धों और जरूरतमंदों के बीच शाल और भोजन वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया।
संस्था द्वारा किए गए इस सेवा कार्य से वृद्धाश्रम के निवासियों व स्लम बस्ती के लोगों में खुशी और राहत का माहौल देखा गया।