वीर सैनिकों को नमन : बिहार पूर्व सैनिक संघ ने मनाया 54वाँ विजय दिवस समारोह

  • Post By Admin on Dec 28 2025
वीर सैनिकों को नमन : बिहार पूर्व सैनिक संघ ने मनाया 54वाँ विजय दिवस समारोह

मुजफ्फरपुर : बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर में 54वाँ विजय दिवस समारोह भव्य एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 1971 के भारत–पाक युद्ध में शामिल वीर सैनिकों को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार, विशिष्ट अतिथि कांटी क्षेत्र के विधायक अजीत कुमार तथा प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि रंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिक हमारे देश की शान और अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने 1971 युद्ध में भाग लेने वाले सैनिकों एवं वीर नारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश तभी सुरक्षित है जब हमारे सैनिक सीमाओं पर सतर्क रहते हैं। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले से भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में चयनित लेफ्टिनेंट ऋतुराज एवं लेफ्टिनेंट सौरव कुमार को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

विशिष्ट अतिथि अजीत कुमार ने सैनिकों के प्रति अपने स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी सैनिक या पूर्व सैनिक को आवश्यक मदद की स्थिति में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि 1971 युद्ध में शामिल वीर सैनिक हमारे बीच उपस्थित हैं और संघ हमेशा सैनिकों के मान–सम्मान की रक्षा करता रहेगा।

संघ के महासचिव नवल किशोर तिवारी ने सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है। संघ अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि 1971 युद्ध के वीर सैनिकों को देखकर संघ के सभी सदस्यों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने पूर्व सैनिक संघ को एक परिवार बताते हुए कहा कि इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से 1971 युद्ध में शामिल वीर सैनिक शिवजी पासवान, चंद्रदीप पांडेय, रामानंद सिंह, बल्लभ रॉय, रामनाथ मिश्रा, नवल किशोर ओझा, उपेंद्र रॉय सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और सदस्य उपस्थित रहे।