सेना में अधिकारी बने ऋतुराज, पूर्व सैनिक संघ ने किया गौरवपूर्ण सम्मान
- Post By Admin on Dec 25 2025
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर पूर्व सैनिक संघ की भगवानपुर शाखा द्वारा गुरुवार को पूर्व सैनिक प्रमोद कुमार सिंह के सुपुत्र लेफ्टिनेंट ऋतुराज के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। नेशनल डिफेन्स अकादमी (एनडीए) की कठिन परीक्षा एवं प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर भारतीय सेना में अधिकारी बने लेफ्टिनेंट ऋतुराज की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र एवं पूर्व सैनिक समाज के लिए गर्व का क्षण बताया गया।
समारोह के दौरान भगवानपुर शाखा के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने लेफ्टिनेंट ऋतुराज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह, संघ संयोजक संजय कुमार ठाकुर एवं महासचिव नवल किशोर तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों एवं शाखा सदस्यों द्वारा लेफ्टिनेंट ऋतुराज को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राम प्रवेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लेफ्टिनेंट ऋतुराज की सफलता देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में एक कुशल, अनुशासित और आदर्श सैन्य अधिकारी के रूप में देश की सेवा कर समाज का नाम रोशन करेंगे। अन्य वक्ताओं ने भी उनके परिश्रम, साहस और समर्पण की सराहना की।
भगवानपुर शाखा अध्यक्ष शिव कुमार सिंह ने लेफ्टिनेंट ऋतुराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संघ का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवाओं को सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि समाज गौरवान्वित हो सके।
इस अवसर पर चंद्र भूषण सिंह, आर.पी. सिंह, संतोष कुमार, शिव कुमार, संजय कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, परेश कुमार, अजय कुमार, सुबोध कुमार सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।