बारिश के बीच स्कूल बस पर गिरा विशाल पेड़, एक छात्र की मौत व 10 घायल
- Post By Admin on Jun 30 2026
मुंबई : मुंबई में मंगलवार को तेज बारिश और तेज हवाओं के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। चेंबूर इलाके में एक विशाल पीपल का पेड़ स्कूली बस पर गिरने से एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य छात्र घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा चेंबूर स्थित हेरिटेज प्राइड परिसर के पास उस समय हुआ, जब यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस छात्रों को लेकर गुजर रही थी। बस में कुल 15 छात्र सवार थे। अचानक तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे खड़ा पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर बस पर गिर पड़ा, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छात्र फंस गए। घटना की सूचना मंगलवार दोपहर करीब 2:58 बजे मुंबई अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, पुलिस, एंबुलेंस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते पेड़ जड़ से उखड़ गया था। हादसे के बाद राहत दल ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाया, जिससे यातायात बहाल किया जा सका। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद बारिश के मौसम में जर्जर और बड़े पेड़ों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।