बिहार के 26 लाख गैस उपभोक्ताओं पर लटकी सब्सिडी रुकने की तलवार, 14 सितंबर तक निपटाएं ये काम
- Post By Admin on Sep 12 2026
पटना : एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं और सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने वाले परिवारों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। 14 सितंबर की अंतिम तिथि बेहद नजदीक है, और निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी रोकी जा सकती है। बिहार में अब भी लगभग 26.50 लाख घरेलू और उज्ज्वला गैस उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी सत्यापन लंबित है। आंकड़ों के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू कनेक्शन धारकों में से करीब 86 लाख उपभोक्ता अपनी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं, जबकि 22.50 लाख उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इस प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है, जिसके चलते गैस एजेंसी के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के जरिए संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप का उपयोग करके घर बैठे ही ई-केवाईसी का सत्यापन पूरा कर सकते हैं। नियम के मुताबिक, विशेष रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए वर्ष में एक बार ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है।
इसी बीच गैस बुकिंग के नियमों में भी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई है। अब नए सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए 45 दिनों का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता अब सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग करा सकेंगे। पहले विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में एक बार सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग के लिए 45 दिनों का कड़ा नियम लागू था, लेकिन इस नई व्यवस्था के लागू होने से ग्रामीण परिवारों को ईंधन की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी।