लंगट सिंह कॉलेज और नेक्स्ट आइएएस ने सिविल सेवा परीक्षा पर कार्यशाला आयोजित

  • Post By Admin on Nov 28 2024
लंगट सिंह कॉलेज और नेक्स्ट आइएएस ने सिविल सेवा परीक्षा पर कार्यशाला आयोजित

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज और नेक्स्ट आइएएस के संयुक्त प्रयास से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीति कुमारी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने की। मुख्य अतिथि प्रीति कुमारी ने अपनी यूपीएससी यात्रा पर प्रकाश डाला और इस कठिन परीक्षा को पास करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत, सही रणनीति और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। प्रीति कुमारी ने छात्रों से संवाद करते हुए अपनी यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों का जिक्र किया और बताया कि किस तरह उन्होंने उन्हें पार किया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि अगर मन में दृढ़ विश्वास हो, तो कोई भी मुश्किल आसान हो जाती है।

प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा, “यूपीएससी और बीपीएससी जैसी प्रतियोगिताओं में सफलता पूरी तरह से समर्पण और कड़ी मेहनत पर निर्भर करती है। अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सही दिशा में की जाए तो कोई भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।” उन्होंने आगे कहा कि उनके अनुभव से यह साबित हुआ है कि सामान्य छात्र भी सही मार्गदर्शन और मेहनत से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। जबकि अधिक प्रतिभाशाली छात्र अगर फोकस नहीं रखते तो असफल हो सकते हैं।

कॉलेज के एनसीसी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों का लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए, क्योंकि स्पष्ट लक्ष्य के बिना सफलता के लिए जरूरी मोटिवेशन मिलना मुश्किल होता है।

नेक्स्ट आइएएस के आशीष पुरूषोत्तम ने सिविल सेवा परीक्षा से जुड़े सवालों पर चर्चा की :
नेक्स्ट आइएएस की ओर से आशीष पुरूषोत्तम ने भी छात्रों के साथ सिविल सेवा परीक्षा से जुड़ी विभिन्न शंकाओं पर चर्चा की और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देने का प्रयास किया।

इस अवसर पर प्रो. एनएन मिश्रा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. स्वीटी सुप्रिया, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. कुमार बलवंत, सुजीत कुमार, लालबाबू सिंह, ऋषि कुमार, इस्तेखार आलम सहित कई अन्य शिक्षाविद और कॉलेज के कर्मचारी मौजूद थे। कार्यशाला के अंत में छात्रों ने सिविल सेवा परीक्षा से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान किया और उन्हें परीक्षा की तैयारी में मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा के प्रति जागरूक करना और उनकी सफलता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।