लखीसराय में वंचित परिवारों तक पहुंचेंगी कल्याणकारी योजनाएं, संत रविदास विकास शिविर शुरू

  • Post By Admin on Aug 27 2026
लखीसराय में वंचित परिवारों तक पहुंचेंगी कल्याणकारी योजनाएं, संत रविदास विकास शिविर शुरू

लखीसराय : जिले के महीसोना में गुरुवार को ‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ अभियान की शुरुआत की गई। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शिविर का उद्घाटन किया। अनुसूचित जाति बहुल टोलों में आयोजित होने वाला यह अभियान 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक चलेगा।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न अनुसूचित जाति टोलों में शिविर लगाकर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा जाएगा। शिविरों के आयोजन के लिए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसी योजना के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले दिन जिले के 14 अनुसूचित जाति टोलों में शिविर लगाए गए।

मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि शिविरों के माध्यम से अनुसूचित जाति के परिवारों को सरकार की 22 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत भी ऐसे शिविर आयोजित किए गए थे, जिनके जरिए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया था। मौजूदा अभियान में भी अधिक से अधिक जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से शिविरों में उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुक अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने संत रविदास के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके समानता और सामाजिक न्याय के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और समतामूलक समाज के निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं।

शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।