बदलेगी आंगनबाड़ी केंद्रों की तस्वीर: लखीसराय में 5 केंद्र बनेंगे मॉडल, बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

  • Post By Admin on Sep 09 2026
बदलेगी आंगनबाड़ी केंद्रों की तस्वीर: लखीसराय में 5 केंद्र बनेंगे मॉडल, बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

लखीसराय : जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का विधिवत और भव्य शुभारंभ जिला स्तर पर आयोजित वेबकास्टिंग कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार एवं जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शुभारंभ के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों ने काशी नगरी से प्रसारित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पोषण अभियान से संबंधित गतिविधियों और आंगनबाड़ी दीदियों की अहम भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया गया कि आंगनबाड़ी दीदियां बच्चों के संपूर्ण विकास में आधारशिला प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के मुख्य उद्देश्यों और इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पोषण माह को महज एक औपचारिक अभियान तक सीमित न रखकर इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और कर्मियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि जिले में संचालित प्रत्येक गतिविधि की शत-प्रतिशत और समयबद्ध ऑनलाइन प्रविष्टि 'जन आंदोलन डैशबोर्ड' पर दर्ज की जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती सरकारी भवनों में जगह उपलब्ध होने की स्थिति में तत्काल शिफ्ट किया जाए। डीएम ने जिले के 5 आंगनबाड़ी केंद्रों को सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने का भी आदेश दिया।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समाज के हर वर्ग तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने और व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने को कहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय पोषण मिशन (NNM) के जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक, DHEW के जिला मिशन समन्वयक, सभी प्रखंड समन्वयक और बाल विकास परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाएं मौजूद रहीं।