25 अगस्त को पटना में अतिथि प्राध्यापकों का शक्ति प्रदर्शन, सीएम आवास तक निकालेंगे पैदल मार्च
- Post By Admin on Aug 23 2026
पटना : बिहार राज्य विश्वविद्यालय अतिथि सहायक प्राध्यापक संघ के आह्वान पर 25 अगस्त 2026 को राज्यभर के हजारों अतिथि प्राध्यापक पटना में शांतिपूर्ण पैदल मार्च करेंगे। अतिथि प्राध्यापक जेपी गोलंबर, गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालकर सेवा स्थायित्व, भविष्य की सुरक्षा और 65 वर्ष की आयु तक सेवा जारी रखने समेत अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराएंगे।
संघ की ओर से मुख्यमंत्री, राजभवन और पटना के जिलाधिकारी को पैदल मार्च की सूचना संबंधी पत्र रिसीव करा दिया गया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अतिथि प्राध्यापक लंबे समय से अपनी सेवा स्थिर करने और नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखते रहे हैं।
बिहार विश्वविद्यालय अतिथि प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. ललित किशोर ने कहा कि अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति यूजीसी के मानदंडों के अनुसार आरक्षण रोस्टर का पालन करते हुए विश्वविद्यालय चयन समिति के माध्यम से की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से अतिथि प्राध्यापक उच्च शिक्षा व्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. ललित किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब विपक्ष में थे, तब उन्होंने विधानसभा के मुख्य द्वार पर बैनर के साथ अतिथि प्राध्यापकों की सेवा नियमित करने की मांग का समर्थन किया था। अब सरकार में रहने के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने से अतिथि प्राध्यापकों में नाराजगी है।
संघ ने कहा है कि 25 अगस्त को होने वाले पैदल मार्च के दौरान यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो इसके अगले दिन से पटना के गर्दनीबाग में अतिथि प्राध्यापक भूख हड़ताल और आमरण अनशन शुरू करेंगे।
संघ के महासचिव डॉ. राघव मणि, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नीतेश कुमार, संयोजक डॉ. सर्वेश्वर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, सचिव डॉ. राकेश रंजन, कानूनी सलाहकार डॉ. संजय कुमार यादव सहित डॉ. रामकृष्ण, डॉ. मौमिता बनर्जी, डॉ. रंजीत कुमार, डॉ. दिगंबर झा, डॉ. मिंटू कुमारी, डॉ. सीमा सिंह और डॉ. मीनू कुमारी समेत विभिन्न कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने राज्यभर के अतिथि प्राध्यापकों से 25 अगस्त को पटना पहुंचने की अपील की है।