TRE-4 अभ्यर्थियों पर टिप्पणी पड़ी भारी, BPSC परीक्षा नियंत्रक पर गिरी गाज
- Post By Admin on Aug 25 2026
पटना : बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर चल रहे अभ्यर्थियों के विरोध के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक IAS राजेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभ्यर्थियों से जुड़े एक सवाल के जवाब में उनकी टिप्पणी विवादित हो गई। बयान सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के साथ राजनीतिक दलों की ओर से भी आपत्ति जताई गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश कुमार सिंह से पूछा गया था कि यदि अभ्यर्थी गलत कॉपी या अन्य आपत्तिजनक सामग्री दिखा रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। जवाब में उन्होंने इसे आयोग के अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं बताया। इसी क्रम में उन्होंने एक कहावत का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। इसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। विवाद बढ़ने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी से बातचीत के बाद सामान्य प्रशासन विभाग को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद राजेश कुमार सिंह के निलंबन की कार्रवाई की गई।
विवाद सामने आने के बाद परीक्षा नियंत्रक ने अपने बयान पर सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस्तेमाल की गई कहावत को उसके संदर्भ से अलग करके सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। उनका कहना था कि किसी अभ्यर्थी या किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था। उन्होंने अपनी टिप्पणी से किसी की भावना आहत होने पर खेद भी जताया था। हालांकि, इसके बावजूद सरकार ने निलंबन की कार्रवाई की।
राजेश कुमार सिंह 2014 बैच के बिहार कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2014 में सफलता हासिल करने के बाद बिहार कैडर का चयन किया था। BPSC में भी वे महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। 20 अक्टूबर 2024 तक वे आयोग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके बाद उन्हें परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
परीक्षा नियंत्रक के रूप में उनकी जिम्मेदारी आयोग की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन और उससे जुड़े प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करना था। उनका निलंबन ऐसे समय हुआ है, जब TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन और विरोध प्रदर्शन पहले से जारी है।