पटना में बाढ़ से बिगड़े हालात : आधी रात पहुंचे पप्पू यादव, बांटे नकद
- Post By Admin on Sep 05 2026
पटना : बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राजधानी पटना के निचले और दियारा क्षेत्रों में गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण पानी बस्तियों में प्रवेश कर गया है। स्थिति का जायजा लेने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव दीघा घाट और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सीधे नकद सहायता राशि वितरित की।
सांसद पप्पू यादव ने देर रात दीघा घाट क्षेत्र का दौरा किया और प्रभावित परिवारों, विशेषकर महिलाओं को राहत के तौर पर 500-500 रुपये की आर्थिक मदद दी। दौरे से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि बाढ़ पीड़ितों की स्थिति नारकीय हो चुकी है और लोग सड़क किनारे रहने को विवश हैं। उन्होंने सरकार से त्वरित व्यवस्था करने की मांग करते हुए कहा कि शासन कदम उठाए या न उठाए, वे जनता के प्रतिनिधि के रूप में अपना कर्तव्य निभाते रहेंगे।
गंगा के जलस्तर में शुक्रवार को दीघा घाट, गांधी घाट, मनेर और हाथीदह में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। नदी का पानी किनारे के निचले रिहायशी क्षेत्रों में भर जाने से दीघा से दीदारगंज तक का तटीय इलाका जलमग्न हो चुका है। कई मकानों में पानी घुसने के कारण लोग अपने घर छोड़ने पर विवश हो गए हैं। बाढ़ का सबसे गंभीर असर बिंद टोली और दियारा क्षेत्र में देखा जा रहा है। बिंद टोली में घरों और दुकानों में पानी भरने के कारण स्थानीय लोग थर्माकोल की नावों के सहारे अपनी जरूरी सामग्री बाहर निकाल रहे हैं। दीघा श्मशान घाट भी जलमग्न हो चुका है। कई परिवार अपने मवेशियों और सामान के साथ सुरक्षित स्थानों व जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर शरण लेने को मजबूर हैं।
दियारा इलाके में खेतों में कई फीट पानी भर जाने से बड़े पैमाने पर फसलें डूबकर बर्बाद हो चुकी हैं। आबादी और मवेशियों को सुरक्षित निकालना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, जबकि जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य चला रही हैं।