आत्मा ने दिलवाया किसानों को मक्का उत्पादन प्रशिक्षण
- Post By Admin on Feb 15 2025
 
                    
                    लखीसराय : जिले को मक्का उत्पादन में अग्रणी बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) ने जिले के चार प्रखंडों के 200 मक्का उत्पादक किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 फरवरी से 14 फरवरी तक बेगूसराय स्थित भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान की क्षेत्रीय शाखा में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य मक्का उत्पादन में लखीसराय जिले को आत्मनिर्भर बनाना और किसानों की आमदनी बढ़ाना था। जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु के अनुसार, आत्मा के द्वारा आयोजित किए गए इस प्रशिक्षण में लखीसराय, बड़हिया, पिपरिया और सूर्यगढ़ा प्रखंडों के 50-50 मक्का उत्पादक किसानों ने भाग लिया। इन किसानों का चयन संबंधित प्रखंड के कृषि पदाधिकारी और तकनीकी प्रबंधकों द्वारा किया गया था।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को उन्नत मक्का उत्पादन की विधियों, मौसम के अनुसार मक्के की किस्मों का चयन, मिट्टी की सही तैयारी और बेहतर उपज के लिए कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले किसानों का मार्गदर्शन कृषि विशेषज्ञों ने किया, जिन्होंने मक्का उत्पादन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आत्मा के लेखा सहायक पंकज पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत किसानों ने उन्नत तकनीकों का पालन करने के लिए उत्साह दिखाया और उन्हें उम्मीद है कि इन तकनीकों को अपनाने से मक्का उत्पादन में वृद्धि होगी।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य लखीसराय जिले को मक्का उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाना और किसानों को बेहतर तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित करना था। साथ ही, इसे मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी एक कदम माना जा रहा है, क्योंकि मक्का अत्यधिक विटामिनों से भरपूर होता है और इसके उत्पादन से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। कृषि विभाग केंद्र और राज्य सरकार द्वारा मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
 
                            .jpg) 
    .jpg) 
    