बिहार के 54 शहरों के विकास को मिली मंजूरी, 968 करोड़ से बदलेगी शहरों की तस्वीर

  • Post By Admin on Aug 01 2026
बिहार के 54 शहरों के विकास को मिली मंजूरी, 968 करोड़ से बदलेगी शहरों की तस्वीर

पटना: बिहार सरकार ने राज्य के 54 शहरों के समग्र विकास के लिए वर्ष 2026-27 में 968 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। योजना एवं विकास विभाग की इस पहल के तहत फिलहाल 320 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे विभिन्न विकास योजनाओं पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, इन योजनाओं का क्रियान्वयन मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत शहरों में सड़क निर्माण, गली-मोहल्लों का पक्कीकरण, नालों का निर्माण, फुटपाथ, पार्क, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, छोटे पुल-पुलिया और सार्वजनिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। विकास कार्यों के चयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विधायक और विधान पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार परियोजनाओं की अनुशंसा करेंगे, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच सके।

राज्य सरकार ने इन सभी विकास कार्यों को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार का मानना है कि इस योजना के क्रियान्वयन से चयनित 54 शहरों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी, शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।