68वीं राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता 2024 में बिहार वुशू टीम का शानदार प्रदर्शन, जीते 3 पदक
- Post By Admin on Dec 14 2024

मुजफ्फरपुर : 68वीं राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता 2024 का आयोजन त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 9 से 13 दिसंबर तक हुआ। इस प्रतियोगिता में पूरे देश से 43 टीमों ने हिस्सा लिया। जिनमें 700 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न राज्य और बोर्ड का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। बिहार वुशू टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 पदक अपने नाम कर बिहार का नाम रौशन किया।
बिहार वुशू टीम की उपलब्धियां
बिहार की वुशू टीम के खिलाड़ी आश पाहुजा ने अंडर 65 किलो भार वर्ग में रजत पदक, अंडर 48 किलो भार वर्ग में प्रियांशु कुमार और अंडर 40 किलो भार वर्ग में कुमकुम कुमारी ने कांस्य पदक जीते। इस प्रकार बिहार टीम ने तीन पदक जीतकर अपनी क्षमता और समर्पण का प्रदर्शन किया।
कोच और टीम के समर्थन की सराहना
वुशू टीम के कोच पंडित विनय कुमार देवचंत और गेशु कुमारी ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की। टीम के प्रदर्शन को बेहतर बताते हुए, टिम मैनेजर अनूप कुमार सिन्हा ने खिलाड़ियों की तैयारियों और सामूहिक प्रयासों को मुख्य कारण बताया।
मुख्य अतिथि का आगाज और समापन समारोह
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दीप प्रज्वलन कर आयोजन का शुभारंभ किया। 5 दिवसीय प्रतियोगिता के बाद समापन समारोह हुआ। जिसमें पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार वुशू संघ के अध्यक्ष डॉ. अमूल्य कुमार सिंह, सचिव सुमन मिश्रा, सह सचिव सुनील कुमार, राजेश प्रसाद ठाकुर, उपाध्यक्ष मुकुट मनी, डॉ. बी प्रियम सहित संघ के सभी सदस्यों ने वुशू टीम को बधाई दी और उनके प्रदर्शन को सराहा।