श्रंगी ऋषि धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का केंद्र, श्रीराम सर्किट से जोड़ने की तैयारी
- Post By Admin on Mar 27 2026
लखीसराय : रामनवमी के पावन अवसर पर पंचम धाम बिहार इकाई ने ऐतिहासिक श्रंगी ऋषि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना कर इस पौराणिक धाम के व्यापक विकास का ऐलान किया। संस्था ने इस स्थल को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है।
पंचम धाम संस्था, जो दक्षिण-पूर्वी एशिया और कंबोडिया में ‘शिव सर्किट’ के निर्माण पर कार्य कर रही है, अब बिहार के इस महत्वपूर्ण ऋषि स्थल को ‘श्रीराम सर्किट’ से जोड़ने की तैयारी में है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह वही पवित्र भूमि है, जहाँ राजा दशरथ ने पुत्र प्राप्ति के लिए श्रृंगी ऋषि के निर्देशन में यज्ञ किया था। साथ ही, यहीं भगवान श्रीराम और उनके भाइयों का मुंडन संस्कार संपन्न होने की भी मान्यता है।
कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे पर जोर
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संस्था ने सरकार को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार सीतामढ़ी से मुंगेर के बीच प्रस्तावित फोरलेन सड़क को कजरा के रास्ते सीधे श्रंगी ऋषि धाम से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यहां पहुंचना और अधिक सुगम हो सकेगा।
भव्य मंदिर निर्माण की योजना
स्थल के निरीक्षण के दौरान संस्था के महामंत्री शैलेश वत्स ने बताया कि श्रंगी ऋषि धाम की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को पुनर्स्थापित करने के लिए यहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचम धाम संस्था इस पूरी परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संस्था के अनुसार इन विकास योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।