चंद्र ग्रहण से पहले मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दोपहर 12 बजे से बंद होंगे पट
- Post By Admin on Sep 07 2025

छत्तीसगढ़ : अंबिकापुर स्थित मां महामाया मंदिर में रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग चंद्र ग्रहण से पूर्व माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूतक काल शुरू होने पर मंदिरों में पूजा-पाठ वर्जित हो जाता है, इसी कारण मंदिर के पट दोपहर 12 बजे से बंद कर दिए जाएंगे।
मंदिर के पुजारी बबलू महाराज ने बताया कि आज रात 9 बजकर 58 मिनट पर चंद्र ग्रहण लगेगा, जो 8 सितंबर की रात 1 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण कुल 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा और पूरे भारत में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि सूतक काल ग्रहण से नौ घंटे पूर्व शुरू हो जाता है, इसलिए इस दौरान मंदिर में किसी प्रकार की पूजा-अर्चना नहीं की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि ग्रहण समाप्ति के बाद अगले दिन मंदिर के पट पुनः खोले जाएंगे और मां महामाया की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
खगोलविदों के अनुसार इस बार का चंद्र ग्रहण "ब्लड मून" के रूप में दिखाई देगा, जब चंद्रमा धरती की छाया में पूरी तरह डूबकर लालिमा लिए नजर आएगा। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक इस दौरान शुभ कार्य, भोजन और पूजा पर रोक रहती है तथा गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।