प्रशांत किशोर की पार्टी के पहले अध्यक्ष को जानिए, कौन हैं मनोज भारती
- Post By Admin on Oct 03 2024

पटना : 2 अक्टूबर गाँधी जयंती के अवसर पर प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी 'जन सुराज पार्टी' की विधिवत घोषणा कर दी। उन्होंने लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान अपनी पार्टी का अध्यक्ष भी चुना। प्रशांत किशोर ने मनोज भारती को अपनी पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया। साथ ही उन्होंने इस बात की भी घोषणा की कि मार्च में अध्यक्ष का विधिवत रूप से चयन किया जाएगा। जिसका कार्यकाल एक साल का होगा।
कौन है कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती ?
प्रशांत किशोर ने मनोज भारती के नाम का ऐलान करने के पहले से ही इस बात का ऐलान किया था कि उनकी पार्टी का अध्यक्ष दलित और पिछड़े समाज से होगा। उन्होंने कहा था कि वो दलित और पिछड़े समाज के योग्य लोगों को खोज कर लाएंगे। अपनी बात का मान रखते हुए उन्होंने मनोज भारती के नाम का ऐलान किया।
मनोज भारती भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी रह चुके हैं
मनोज भारती जन सुराज पार्टी के पहले कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं, जो कई वर्षों तक फॉरेन सर्विस में रहे हैं। मधुबनी के रहने वाले मनोज भारती ने भारत के राजदूत के रूप में विदेश में रह कर देश की सेवा की है। मनोज भारती 1988 में विदेश सेवा अधिकारी हुए। इसके बाद वो भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में सचिव रहे। मनोज भारती ने इंडोनेशिया, यूक्रेन और बेलारूस में भारत के राजदूत के रूप में सेवा की। इससे पहले उन्होंने म्यांमार, टर्की, नेपाल, नीदरलैंड और ईरान में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
आईआईटी कानपुर से पास आउट हैं मनोज भारती
मनोज भारती का जन्म मधुबनी में ही हुआ I वह एक सामान्य परिवार से आते हैं। शुरुआती शिक्षा के बाद वो रांची चले गए। यहां उन्होंने उच्चतर माध्यमिक शिक्षा नेतरहाट आवासीय विद्यालय रांची से पूरी की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से बीटेक किया। मनोज भारती इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक इंजीनियर हैं। इसके बाद वो विदेश सेवा अधिकारी बने।