सीएम योगी बोले—बंगाल में तुष्टिकरण और हिंसा चरम पर, बदलाव जरूरी
- Post By Admin on Apr 13 2026
पूर्वी मेदिनीपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे के दौरान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे तुष्टिकरण, माफियाराज और कट मनी की राजनीति का प्रतीक बताया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, सांस्कृतिक पहचान और विकास पर गंभीर सवाल उठाते हुए परिवर्तन का आह्वान किया।
नंदकुमार और कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज तृणमूल कांग्रेस का मतलब तुष्टिकरण, माफियाराज और कट मनी बन गया है, जिसने राज्य के विकास को बाधित किया है। उन्होंने पार्टी के ‘मां-माटी-मानुष’ नारे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान हालात में मां असुरक्षित, माटी पर घुसपैठियों का कब्जा और आम जनता भयभीत है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य तुष्टिकरण, अराजकता, राजनीतिक हिंसा और लूट जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने बंगाल की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, रवीन्द्रनाथ ठाकुर और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को याद किया और कहा कि कभी देश को दिशा देने वाली यह भूमि आज पहचान के संकट से गुजर रही है।
उन्होंने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, नादिया, बीरभूम और हावड़ा जिलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में जनसंख्या संतुलन बदलने और अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले वहां भी अराजकता का माहौल था, लेकिन केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार बनने के बाद स्थिति में सुधार हुआ और अब प्रदेश दंगा व कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अवैध निर्माण पर ‘बुलडोजर’ कार्रवाई का जिक्र करते हुए इसे प्रभावी मॉडल बताया।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने और घुसपैठ के मुद्दे पर ढिलाई बरतने का आरोप भी लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि कभी सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला बंगाल अब अपराध के लिए चर्चित होता जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी और उद्योगों के पलायन का भी आरोप लगाया। अंत में मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से परिवर्तन के लिए समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल को सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर लौटाना आवश्यक है।