बयानबाजी से नहीं संगठन के दम पर जीते जाते हैं चुनाव, कोसी में एनडीए की जीत तय: दीपक कुमार सिंह

  • Post By Admin on Oct 23 2026
बयानबाजी से नहीं संगठन के दम पर जीते जाते हैं चुनाव, कोसी में एनडीए की जीत तय: दीपक कुमार सिंह

लखीसराय : कोसी क्षेत्र विधान परिषद चुनाव में एनडीए की जीत तय नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी लखीसराय के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद एनडीए के पक्ष में एकतरफा माहौल होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के शुरुआती रुझानों और विभिन्न प्रखंडों से मिली रिपोर्टों से साफ है कि मतदाताओं का पूरा समर्थन एनडीए के साथ है।

विपक्षी दलों और नए राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनावी माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकट दिलाने के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले तत्व अब ओछी राजनीति पर उतर आए हैं, लेकिन कोसी क्षेत्र की जागरूक जनता ऐसे किसी भी प्रलोभन या भ्रामक प्रचार के बहकावे में नहीं आने वाली।

दीपक कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव केवल बयानबाजी या मीडिया में खोखले दावे करने से नहीं जीते जाते, बल्कि इसके लिए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का समर्पण और वर्षों का जनसंघर्ष जरूरी होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। लखीसराय भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी साझा की।