प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड पर डॉ. सिंह का छलका दर्द, कहा-इलाज के स्थान पर मौत बेहद पीड़ादायक

  • Post By Admin on Jun 06 2026
प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड पर डॉ. सिंह का छलका दर्द, कहा-इलाज के स्थान पर मौत बेहद पीड़ादायक

बेंगलुरु : मुजफ्फरपुर जिला के ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में बीते गुरुवार को हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग और उसके बाद फैले जहरीले धुएं ने कई मरीजों की जान ले ली, जिससे चिकित्सकीय समुदाय सहित आमजन में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। इस हृदय विदारक घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए बेंगलुरु स्थित होम्योपैथिक चिकित्सक एवं क्रॉनिक डिजीज एंड किडनी स्टोन स्पेशलिस्ट डॉ. अरुण कुमार सिंह ने इसे “अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय त्रासदी” बताया है।

डॉ. सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते यह कल्पना भी अत्यंत पीड़ादायक है कि आईसीयू जैसे अत्यंत संवेदनशील स्थान पर भर्ती गंभीर मरीज और उनके परिजन अचानक इस तरह की भयावह स्थिति में फंस गए होंगे, जहां जीवन बचाने की जगह जान बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि इस हादसे में छह अनमोल जीवन समाप्त हो गए, जिनकी मृत्यु मुख्य रूप से दम घुटने और जहरीले धुएं के कारण हुई, जबकि कई अन्य मरीज अब भी गंभीर अवस्था में विभिन्न अस्पतालों में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

डॉ. अरुण कुमार सिंह ने इस घटना को स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल सुरक्षा मानकों के लिए एक गंभीर चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों को जीवन रक्षक माना जाता है, वहां इस प्रकार की लापरवाही और सुरक्षा चूक अत्यंत चिंताजनक है और इसकी गहन जांच आवश्यक है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।