डॉ. अरुण कुमार सिंह ने डॉक्टर-मरीज विवादों से बचाव के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
- Post By Admin on May 22 2025

होमियोपैथिक चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने डॉक्टरों, मरीजों और उनके परिजनों को विवादों से बचने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का पहला धर्म और कर्तव्य है कि वे मरीजों के प्रति सहानुभूति, सम्मान और ईमानदारी का व्यवहार करें। मरीजों की चिंताओं को ध्यान से सुनना, उनके सवालों का स्पष्ट जवाब देना और उनकी स्थिति के बारे में सही जानकारी देना चिकित्सक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
डॉ. सिंह ने बताया कि आजकल अस्पतालों में डॉक्टर और मरीजों के बीच विवाद बढ़ रहे हैं, जो न केवल डॉक्टरों बल्कि पूरे अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन की छवि को प्रभावित करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल युद्ध का मैदान नहीं, बल्कि रोग निवारण का केंद्र है। किसी भी विवाद की स्थिति में मरीज और परिजन सीधे अस्पताल प्रबंधक या जिला प्रशासन से संपर्क करें, अपने हाथ में कानून लेने की बजाय।
डॉक्टरों को मरीजों की भावनाओं और दर्द को समझते हुए धैर्य और सहानुभूति के साथ पेश आना चाहिए। मरीज अपनी बीमारी के कारण तनाव में होते हैं, इसलिए डॉक्टरों को उनकी बातों को गंभीरता से लेना चाहिए और सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। डॉ. सिंह ने कहा कि अच्छे डॉक्टर मरीज की बीमारी पर ध्यान केंद्रित करते हैं और सही इलाज में लगे रहते हैं, जिससे मरीज जल्दी स्वस्थ होता है और अस्पताल में सभी कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ता है।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि डॉक्टरों को मरीजों की गोपनीयता का सम्मान करना चाहिए और उन्हें कभी भी अपमानित नहीं करना चाहिए। मरीजों के साथ ईमानदारी बरतनी चाहिए और उन्हें जटिल चिकित्सा शब्दों से बचाकर सरल भाषा में जानकारी देनी चाहिए ताकि मरीज और उनका परिवार पूरी स्थिति समझ सके। साथ ही, मरीजों को अपनी बात कहने के लिए पर्याप्त समय देना और उपचार विकल्पों के बारे में स्पष्ट जानकारी देना डॉक्टर की भूमिका है।
डॉ. अरुण कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से भी अपील की है कि वे अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके और स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर सुधारा जा सके।
अंत में उन्होंने कहा कि एक अच्छा डॉक्टर न केवल चिकित्सा प्रदान करता है बल्कि मरीजों के लिए विश्वास और सुरक्षा का माहौल भी बनाता है, जो बेहतर स्वास्थ्य की ओर पहला कदम होता है।