इबोला पर दुनिया में हाई अलर्ट, WHO ने घोषित किया ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी

  • Post By Admin on May 24 2026
इबोला पर दुनिया में हाई अलर्ट, WHO ने घोषित किया ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी

नई दिल्ली : दुनिया भर में एक बार फिर जानलेवा इबोला वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों और मौतों को देखते हुए इसे वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। डब्ल्यूएचओ के इस बड़े फैसले के बाद भारत सरकार भी सतर्क हो गई है और देशभर में एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं।

डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इबोला वायरस तेजी से फैल रहा है और यह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर खतरा बन चुका है। संगठन ने प्रभावित देशों में स्वास्थ्य सुविधाओं को तत्काल मजबूत करने और संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की अपील की है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो यह संक्रमण कई देशों में तेजी से फैल सकता है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी चेतावनी के बाद भारत का स्वास्थ्य मंत्रालय भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। केंद्र सरकार ने नागरिकों के लिए विशेष यात्रा परामर्श जारी करते हुए इबोला प्रभावित देशों की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही देश के सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। विदेश से आने वाले यात्रियों की सघन जांच और स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है ताकि वायरस को भारत में प्रवेश करने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग को भी किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इबोला एक बेहद खतरनाक वायरस है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में सतर्कता, जांच और समय पर इलाज ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका माना जा रहा है।