भारत में इबोला की दस्तक से हड़कंप, युगांडा से आई महिला आइसोलेशन में भर्ती
- Post By Admin on May 27 2026
नई दिल्ली : इबोला वायरस को लेकर वैश्विक स्तर पर बढ़ती चिंता के बीच भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। कर्नाटक के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर युगांडा से आई 28 वर्षीय महिला में शुरुआती लक्षण मिलने के बाद उसे एहतियातन आइसोलेशन में रखा गया है। महिला को बेंगलुरु स्थित एपिडेमिक डिजीज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके नमूनों की जांच कराई जा रही है।
कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ऋत्विक रंजनम पांडे ने बताया कि महिला में फिलहाल इबोला के स्पष्ट लक्षण, जैसे तेज बुखार, नहीं पाए गए हैं। हालांकि एयरपोर्ट स्वास्थ्य संगठन को थकान जैसे शुरुआती संकेत मिलने पर जांच के लिए नमूने लेने का निर्णय किया गया। अधिकारियों के अनुसार महिला युगांडा से आने के बाद पहले एक होटल में रुकी थी। बाद में शरीर में दर्द और हल्के लक्षण महसूस होने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके नमूने जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। प्रोटोकॉल के तहत दोबारा जांच भी कराई जाएगी। विभाग को पुणे स्थित प्रयोगशाला से पहली रिपोर्ट का इंतजार है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अफ्रीका के कई देशों में इबोला संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 17 मई को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में बढ़ते मामलों को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था।
इसी के मद्देनजर कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने परामर्श जारी कर इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे भारत आने के बाद 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क करें।