बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: 8 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, सारण शिक्षक क्षेत्र में रिकॉर्ड 87% वोटिंग

  • Post By Admin on Oct 23 2026
बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: 8 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, सारण शिक्षक क्षेत्र में रिकॉर्ड 87% वोटिंग

पटना : बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 2026 के तहत मतदान शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना, तिरहुत, दरभंगा, कोसी और सारण निर्वाचन क्षेत्रों में निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान कराया गया।

शाम 4:00 बजे तक के अंतरिम आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 74.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शिक्षक कोटे में सारण निर्वाचन क्षेत्र 87.16 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा, जबकि दरभंगा में 79.00 प्रतिशत, तिरहुत में 78.10 प्रतिशत और पटना में 56.89 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके विपरीत, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत सामान्य रुझान देखा गया, जहां कुल 43.87 प्रतिशत अंतरिम मतदान दर्ज हुआ। स्नातक क्षेत्रों में कोसी में सर्वाधिक 52.51 प्रतिशत, तिरहुत में 42.15 प्रतिशत, दरभंगा में 42.00 प्रतिशत और पटना में 36.19 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन विभाग के अनुसार, कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया जारी रहने के कारण यह अंतरिम प्रतिवेदन है और अंतिम आंकड़ा अलग से साझा किया जाएगा।

इस द्विवार्षिक निर्वाचन में कुल 150 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 60 उम्मीदवार शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक मुकाबला दरभंगा में देखने को मिला जहां 40 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पटना से 18, तिरहुत से 17 और कोसी से 15 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना और सारण से 18-18, दरभंगा से 13 तथा तिरहुत से 11 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं।मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो चारों स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। वहीं, चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 40,253 रही, जिसमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और 3 तृतीय लिंग के मतदाता दर्ज किए गए।

मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 474 मूल और 124 सहायक केंद्रों को मिलाकर कुल 598 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 335 मूल मतदान केंद्र स्थापित किए गए। मतदान के दौरान विभागीय नियंत्रण कक्ष को कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका अधिकारियों द्वारा समय रहते त्वरित निष्पादन कर दिया गया, जिससे संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।