वैकेंसी की मांग पर शिक्षा मंत्री से मिले म्यूजिक टीचर अभ्यर्थी, बोले- तैयारी पर दें ध्यान

  • Post By Admin on Aug 27 2026
वैकेंसी की मांग पर शिक्षा मंत्री से मिले म्यूजिक टीचर अभ्यर्थी, बोले- तैयारी पर दें ध्यान

पटना : बिहार में BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। गुरुवार को म्यूजिक टीचर के पद के अभ्यर्थियों का एक समूह वैकेंसी की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पहुंचा। अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर मंत्री से बातचीत की, जिसके बाद उन्हें सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला। शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर अभ्यर्थियों ने ‘दिल दिया है जान भी देंगे... ए वतन तेरे लिए...’ गीत गाकर अपनी मांग रखी। इसके बाद मंत्री ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं और छात्रों के हित में सरकार जरूरी कदम उठाएगी।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जब तक परीक्षा की तारीख जारी नहीं होती है, तब तक वैकेंसी बढ़ने की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद के लिए हमेशा तैयार है और अभ्यर्थियों की समस्याओं पर बातचीत के जरिए रास्ता निकालने का प्रयास किया जाता है। मंत्री ने यह भी कहा कि जहां भी रिक्तियां उपलब्ध होंगी, उन्हें मंगाने का प्रयास किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वैकेंसी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। स्कूलों में बेहतर शिक्षा और योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि उनके हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।

इधर, पटना में लगातार चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार सुबह अभ्यर्थियों के मंत्री आवास पहुंचने के बाद वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थी एक चरण में परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग हटाने, डोमिसाइल समेत कई मांगें उठा रहे हैं। इन मांगों को लेकर पटना में लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। हाल के दिनों में भी अभ्यर्थियों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया था। म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों के मंत्री आवास पहुंचने के बाद प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।