राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में गुरुजनों का सम्मान, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत

  • Post By Admin on Sep 05 2026
राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में गुरुजनों का सम्मान, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत

मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय (RDM), गायघाट में 5 सितंबर को धूमधाम से अभिमुखीकरण-सह-शिक्षक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. निखिल रंजन प्रकाश तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. राजीव कुमार उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं का अभिनंदन करते हुए कॉलेज के सर्वांगीण विकास में सभी की सक्रिय सहभागिता को जरूरी बताया।

इस अवसर पर कॉलेज के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डॉ. सुशील कुमार, गणेश महतो, डॉ. शिल्पा उपाध्याय, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. दत्तात्रेय, सुश्री अंजू प्रकाश, डॉ. विशाल गिरीश तिवारी, डॉ. उपांशु, डॉ. तरुण कुमार भट्ट और सुश्री शिखा राय शामिल रहीं। वहीं गैर-शैक्षणिक कर्मियों में यूडीसी सौम्य प्रवीण एवं कृष्णा कुमार को सम्मानित किया गया।

सत्र के दौरान डॉ. राजीव कुमार ने छात्र-छात्राओं को सीबीसीएस (CBCS) प्रणाली के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया, जबकि डॉ. विजय कुमार ने शिक्षा और शिक्षण की मूल प्रकृति पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि प्रो. निखिल रंजन प्रकाश ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में आरडीएम की परिकल्पना और प्रयासों की खुलकर सराहना की।

छात्र-छात्राओं की ओर से इतिहास ऑनर्स की शालू कुमारी ने हिंदी और सविता कुमारी ने अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, वहीं साधना कुमारी ने शायरी के जरिए समाज में शिक्षकों की अहम भूमिका को रेखांकित किया। मंच संचालन डॉ. तरुण कुमार भट्ट ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुश्री शिखा राय द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम के समापन सत्र में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पोस्टर मेकिंग में राजेश कुमार प्रथम, सोनम कुमारी द्वितीय व जीतू कुमार तृतीय रहे, जबकि नंदन और वंदना को सांत्वना पुरस्कार मिला। स्लोगन राइटिंग में इन्द्रासन कुमारी व नविता कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रथम, जीतू कुमार ने द्वितीय और शहजहाँ खातून ने तृतीय स्थान हासिल किया, वहीं खुशी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।