बदलते दौर में मनोविज्ञान बना करियर का उभरता क्षेत्र, एलएस कॉलेज में विशेष व्याख्यान

  • Post By Admin on Jul 15 2026
बदलते दौर में मनोविज्ञान बना करियर का उभरता क्षेत्र, एलएस कॉलेज में विशेष व्याख्यान

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में बुधवार को ‘फ्यूचर प्रॉस्पेक्ट्स ऑफ साइकोलॉजी’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. ध्रुव कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को मनोविज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं और भविष्य के अवसरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार विज्ञान और मानव संसाधन प्रबंधन का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक और तकनीकी परिवेश में मनोविज्ञान अब केवल सैद्धांतिक विषय नहीं, बल्कि व्यावहारिक जीवन और कॉर्पोरेट जगत की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने छात्रों से पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर इस क्षेत्र में उभर रहे वैश्विक अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया तथा इस आयोजन के लिए विभाग की सराहना की।

मुख्य वक्ता प्रो. ध्रुव कुमार ने कहा कि आधुनिक दौर में मनोविज्ञान के क्षेत्र में करियर के अनेक आकर्षक विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने देश के विभिन्न शहरों में संचालित डिप्लोमा पाठ्यक्रमों और पीएचडी शोध की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र शोध के साथ-साथ देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में बेहतर रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना ठाकुर के स्वागत भाषण से हुई। मंच संचालन डॉ. राजेश अनुपम ने किया, जबकि डॉ. ऋतुराज कुमार और डॉ. शालिनी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राम बाबू प्रसाद ने किया। इस अवसर पर प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, प्रो. पुष्पा कुमारी, प्रो. विजय कुमार, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. राधा कुमारी, प्रवीण कुमार, नंदकिशोर, शिवम कुमार, रौनक कुमार, मोनू कुमार, अर्चना कुमारी, राम गोपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।