उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत, जीएनआईओटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में पहुंचे बिहार के राज्यपाल

  • Post By Admin on Feb 11 2026
उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत, जीएनआईओटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में पहुंचे बिहार के राज्यपाल

ग्रेटर नोएडा: जिला स्थित स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (जीआईएमएस) में पीजीडीएम बैच 2023–25 का दीक्षांत समारोह 11 फरवरी 2026 को भव्य, अनुशासित और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, समर्पण और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के माननीय राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान रहे। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने संस्थान प्रबंधन, प्राध्यापकगण, अभिभावकों और उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि जीएनआईओटी समूह पिछले कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस प्रतिष्ठित परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए हर्ष और गौरव का विषय है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री प्राप्ति का अवसर नहीं, बल्कि शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा के सफल समापन और व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक है। पीजीडीएम जैसे चुनौतीपूर्ण पाठ्यक्रम को पूर्ण करना विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उपाधि पहचान देती है, परंतु चरित्र, दृष्टिकोण, कार्य-संस्कृति और नैतिक मूल्य व्यक्ति को उत्कृष्ट बनाते हैं। तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में प्रबंधन शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को अकादमिक ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच, व्यावसायिक दक्षता और नैतिक मूल्यों से भी सशक्त करता है। इस अवसर पर संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शिता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता के कारण संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। समारोह में विशिष्ट अतिथि नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन), भारतीय जनता पार्टी, बिहार–झारखंड ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता जीएनआईओटी समूह के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, उद्योग–संस्थान सहयोग और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीएनआईओटी समूह उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने हेतु सतत प्रयासरत है। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. भूपेन्द्र कुमार सोम, भाजपा नेता नीरज सिंह, श्री महेन्द्र कुमार तथा कुलसचिव अनिल मधवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे। समारोह का प्रभावशाली एवं समयबद्ध मंच संचालन डॉ. शालिनी शर्मा द्वारा किया गया।

दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान के 290 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। उल्लास, गर्व और नई आकांक्षाओं के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय क्षण बन गया।