लंगट सिंह कॉलेज में प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा की विदाई, शैक्षणिक योगदान को किया याद
- Post By Admin on Sep 02 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए रसायन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं बीसीए विभाग के समन्वयक प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने की।
प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा ने विभागाध्यक्ष के रूप में रसायन विभाग को मजबूत शैक्षणिक आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, बीसीए विभाग के समन्वयक के रूप में उन्होंने प्रशासनिक दक्षता और दूरदर्शिता का परिचय दिया। उनका योगदान कॉलेज की शैक्षणिक संस्कृति पर लंबे समय तक प्रभाव छोड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रो. सिन्हा ने शिक्षण को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ज्ञान को जीवन-मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया। प्रो. कनुप्रिया ने प्रो. सिन्हा के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। उन्होंने उनसे कॉलेज और विभाग से जुड़े रहने तथा अपने अनुभवों से शिक्षकों और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया, ताकि उनकी अनुभव-संपदा का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता रहे।
समारोह में प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा ने प्राचार्या सहित सभी सहकर्मियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्था की प्रगति और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनका सहयोग आगे भी सदैव उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर प्रो. टीके डे, प्रो. सुरेंद्र राय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. शमशीर अली, डॉ. कुंजेश कुमार, डॉ. आनंद कुमार, सुजीत कुमार, इस्तेखार आलम, सत्येंद्र कुमार, चिंटू कुमार सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे।