गायघाट को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, उच्च शिक्षा को मिलेगा विस्तार

  • Post By Admin on Jul 15 2026
गायघाट को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, उच्च शिक्षा को मिलेगा विस्तार

मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार की उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत बी.आर. अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) में 39 नए डिग्री कॉलेजों का एक साथ शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।

महाविद्यालय का उद्घाटन बीआरएबीयू के पूर्व कुलपति प्रो. रिपुसुदन श्रीवास्तव ने किया। समारोह में जिलाधिकारी कुमार गौरव संरक्षक की भूमिका में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य दिनेश सिंह, विधायक कोमल सिंह, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा तथा छात्र कल्याण पदाधिकारी डॉ. आलोक प्रताप सिंह सहित गायघाट क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर भूमि दाता नितेश्वर सिंह एवं तारकेश्वर सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार, मुखिया राजीव कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पयोली ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नए महाविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के बर्सर डॉ. अर्धेंदु ने किया। वक्ताओं ने कहा कि बिहार सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का विस्तार होगा और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का बेहतर अवसर मिलेगा। यह कदम राज्य में उच्च शिक्षा के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।