शोध में बीआरएबीयू के अतिथि प्राध्यापकों का डंका, कुलपति ने ‘रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से नवाजा
- Post By Admin on Sep 06 2026
मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के अतिथि प्राध्यापकों ने उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित रिसर्च जर्नलों में शोध पत्र प्रकाशित होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) दिनेश चंद्र राय ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में इन प्राध्यापकों को ‘वाइस चांसलर्स अवॉर्ड फॉर रिसर्च एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया।
इन शिक्षकों को मिला सम्मान
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शोध कार्य में गुणवत्ता और नवाचार के लिए निम्नलिखित अतिथि प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया:
• डॉ. किरण कुमारी – जंतु विज्ञान विभाग, आरएमएलएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर
• डॉ. अभय कुमार – वनस्पति विज्ञान विभाग, एमएस कॉलेज, मोतिहारी
• डॉ. आलोक कुमार – वनस्पति विज्ञान विभाग, जेबीएसडी कॉलेज, बकुची
• डॉ. सी. के. पांडे – भौतिकी विभाग, राजकीय डिग्री कॉलेज, बगहा
• डॉ. विवेक मिश्रा – अर्थशास्त्र विभाग, राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सीतामढ़ी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सराहा प्रयास
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी बताया है। कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय, कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा, प्रॉक्टर डॉ. विपिन कुमार राय, नैक सलाहकार डॉ. विनय शंकर राय और प्राचार्य डॉ. एम. एन. हक सहित वरिष्ठ शिक्षाविदों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके शोध कार्यों की सराहना की।
अतिथि प्राध्यापक संघ ने जताई खुशी
अतिथि प्राध्यापकों की इस सफलता पर अतिथि प्राध्यापक संघ ने हर्ष व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष डॉ. ललित किशोर, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नीतेश कुमार, महासचिव डॉ. राघव कुमार, संयोजक डॉ. सर्वेश्वर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार और सचिव डॉ. राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से सभी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद अतिथि शिक्षकों द्वारा वैश्विक मानकों पर शोध पत्र प्रकाशित कराना गर्व की बात है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगी।