मद्य निषेध टीम की कार्यवाई से मचा हड़कंप, कई स्थानों से अवैध शराब जब्त
- Post By Admin on Mar 21 2026
लखीसराय : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
मद्य निषेध विभाग द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार किउल थाना क्षेत्र के बंशीपुर वार्ड संख्या-05 में कार्रवाई के दौरान मदन मांझी, पुत्र स्व. दुलार मांझी को 4 लीटर अवैध देसी शराब बेचते हुए पकड़ा गया। वहीं मौके पर शराब पीने के आरोप में बालेश्वर यादव, रंजीत मांझी, बैजू मिश्री और अनिल कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में हाकीमगंज, किउल थाना क्षेत्र से अशोक चौधरी को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
वहीं बड़हिया थाना क्षेत्र के कोठारी चौक में की गई कार्रवाई के दौरान गौरी शंकर, पुत्र सुरेश महतो को 7.200 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा उत्पाद थाना के समीप से संवरी कुमार और लोहिया चौक से राजेश कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध टीम ने लखीसराय स्टेशन के समीप छापेमारी कर 54 लीटर अवैध विदेशी शराब भी बरामद की, हालांकि इस मामले में तस्करों की पहचान नहीं हो सकी। वहीं किउल रेलवे पुल के पास से 29.500 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार और सेवन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।