किऊल स्टेशन से मोबाइल चोर गिरफ्तार, दो चोरी के फोन बरामद
- Post By Admin on Mar 20 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर संदिग्ध स्थिति में घूम रहे एक युवक को पकड़कर उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए निगरानी कर रही थी। इसी दौरान जमालपुर साइड की ओर फूट ओवर ब्रिज के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ पाया गया। पुलिस ने उसे दोपहर करीब 12 बजे हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और उसके पास कोई यात्रा टिकट भी नहीं मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनके संबंध में पूछने पर उसने यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान सुमित पासवान (20), पिता उपेंद्र पासवान, निवासी ग्राम निघा कोइलवाड़ी, थाना जमुरिया, जिला पश्चिम बर्धमान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
इस मामले में जीआरपी किऊल थाना में लिखित शिकायत के आधार पर कांड दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई प्रचलित है।