लखीसराय में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
- Post By Admin on Mar 19 2026
लखीसराय : जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंडी गांव में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और कई दुकानों में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान स्वर्गीय जोगी पासवान की 65 वर्षीय पत्नी सुनैना देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अपराधी गांव की दुकानों में चोरी और लूटपाट कर रहे थे। इसी दौरान एक दुकान में सो रही सुनैना देवी की नींद खुल गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने अपराधियों को पहचान लिया था, जिसके बाद पहचान उजागर होने के डर से अपराधियों ने ईंट-पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जब महिला का क्षत-विक्षत शव देखा तो आक्रोशित हो उठे। घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।