मनोज कुमार के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

  • Post By Admin on Apr 04 2025
मनोज कुमार के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर और दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 87 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मनोज कुमार को देशभक्ति फिल्मों और ‘भारत कुमार’ के नाम से खास पहचान मिली थी। उनके फैंस उन्हें इसी नाम से जानते और सम्मान देते थे। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने ‘क्रांति’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘वो कौन थी’ और ‘उपकार’ जैसी बेहतरीन फिल्में दीं, जो आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई हैं। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है।

पीएम मोदी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

मनोज कुमार के निधन पर फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ राजनेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा, "महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के ‘शेर’ मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह फिल्म जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "महान अभिनेता और फ़िल्मकार श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें खास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था। उनकी फिल्मों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें भारतीय सिनेमा का गौरव बताया।

मनोज कुमार का असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था

मनोज कुमार हिंदी सिनेमा के उन सितारों में से थे, जिन्होंने फ़िल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के साथ ही अपना नाम बदल लिया था। उनका असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखते ही उन्होंने अपना नाम बदलकर मनोज कुमार रख लिया और यही नाम उनकी पहचान बन गया।

अशोक कुमार और दिलीप कुमार के फैन थे मनोज कुमार

मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को ऐबटाबाद (अब पाकिस्तान) में हुआ था। बंटवारे के बाद उनका परिवार भारत आ गया और दिल्ली में बस गया। बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था। वह अशोक कुमार, दिलीप कुमार और कामिनी कौशल के बहुत बड़े फैन थे। इनकी फिल्मों से प्रभावित होकर ही उन्होंने अपना नाम बदलकर मनोज कुमार रख लिया था। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और ‘भारत कुमार’ के नाम से प्रसिद्ध हो गए।

उनकी देशभक्ति और समाजसेवा पर आधारित फिल्में भारतीय सिनेमा में हमेशा याद रखी जाएंगी। उनके निधन से बॉलीवुड ने एक महान अभिनेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई नामुमकिन है।