भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास मैत्री सम्पन्न, युद्धक ड्रिल से बढ़ी सेनाओं की ताकत
- Post By Admin on Sep 14 2025
.jpg)
नई दिल्ली : भारत और थाईलैंड की सेनाओं के बीच मेघालय के उमरोई में आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’ 14 सितंबर को संपन्न हो गया। यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत किया गया, जिसमें दोनों देशों की सेनाओं ने आतंकवाद-रोधी अभियानों और जटिल परिस्थितियों से निपटने की रणनीतियों पर काम किया।
अभ्यास के दौरान एक यात्री बस को अपहरणकर्ताओं से मुक्त कराने और बंधकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की युद्धक ड्रिल की गई। इसके अलावा आतंकियों के कब्जे वाले कमरों में प्रवेश, हेलीबोर्न ऑपरेशन, छापेमारी और बंधक मुक्ति अभियानों का अभ्यास किया गया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस सैन्य अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता (Interoperability) बढ़ाना और एक-दूसरे की रणनीतिक प्रक्रियाओं से परिचित होना था। समापन अवसर पर यह लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया।
अभ्यास का अंतिम चरण 48 घंटे की वैलिडेशन एक्सरसाइज रही, जिसमें अस्थायी परिचालन अड्डे का निर्माण, खुफिया व निगरानी ग्रिड की स्थापना और गांव को अलग-थलग करने जैसी जटिल गतिविधियां शामिल थीं। इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने नई पीढ़ी के आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रयोग भी किया।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनिकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दोनों देशों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को साझा करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस संयुक्त प्रशिक्षण ने न केवल भारत और थाईलैंड की सेनाओं के बीच आपसी समझ और सामरिक तालमेल को मजबूत किया, बल्कि दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी और गहराई प्रदान की।